Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आसनसोल, 15 अप्रैल (हि.स.)। दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा सीट के उम्मीदवार लखन गुरु के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार देर रात पश्चिम क्षेत्र में थाने का घेराव किया। पार्टी नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि दुर्गापुर के बांकुड़ा मोड़ इलाके में सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित रोड शो से पहले माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस ( टीएमसी) समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, योग मंदिर के सामने माइक बंद कराने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और पथराव करने के आरोप लगाए हैं।
भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि उनके कार्यकर्ताओं पर तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्वों ने हमला किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा समर्थकों ने ही पहले उकसावे की कार्रवाई की। घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें झड़प और अफरा-तफरी के दृश्य देखे जा सकते हैं।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। भाजपा नेताओं ने मांग की है कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो और निष्पक्ष जांच कराई जाए। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा