Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 15 अप्रैल (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक व युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे को पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी सौंपने को लेकर हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि उन्हें पार्टी का कार्याध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इस पर फैसला जल्द लिए जाने की संभवाना है।
सूत्रों के अनुसार जिस तरह साल 2003 में उद्धव ठाकरे को कार्याध्यक्ष का पद दिया गया था, उसी तरह आदित्य को भी नियुक्त किया जा सकता है। जल्द ही कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर इस प्रस्ताव को मंजूरी देने की तैयारी चल रही है। पिछले कुछ वर्षों में आदित्य ने संगठन स्तर से लेकर चुनाव प्रबंधन तक कई अहम ज़िम्मेदारियां निभाई हैं। इसलिए पार्टी में कुछ नेता उन्हें और अधिकार देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि आदित्य के नेतृत्व में पार्टी को नई ताकत मिलेगी और नेतृत्व की एक नई पीढ़ी सामने आएगी। अगर यह फैसला होता है, तो पार्टी की शक्तियों का विकेंद्रीकरण आदित्य के हाथ में आ जाएगा।
ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत ने इस बारे में कहा कि उद्धव ठाकरे पार्टी के कार्याध्यक्ष हुए थे। यदि आदित्य ठाकरे का नाम सामने आ रहा है, तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए। युवा पीढ़ी को नेतृत्व सौंपते हुए इन सभी बातों पर विचार किया जाना चाहिए। भविष्य की राजनीति युवाओं के हाथ में जानी चाहिए। हालांकि पार्टी के नेता नीजि तौर पर आदित्य के बारे में जो कहते हैं, उसका कोई मतलब नहीं है। ठाकरे गुट की नेता किशोरी पेडणेकर ने कहा कि इस बारे में अंतिम निर्णय उद्धव ठाकरे लेंगे. एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि युवा पीढ़ी आदित्य ठाकरे के साथ है.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार