Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कटिहार, 15 अप्रैल (हि.स.)। सुधानी थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को एक देशी कट्टे और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों बेलगछी चौक की ओर हथियार लेकर जा रहे थे।
सुधानी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति अवैध हथियार लेकर बेलगछी चौक की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचकर बेलगछी चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान अभिजीत राय पिता दीपक राय, अक्षय राय पिता दीपक राय और राजा राय पिता बर्मा राय, तीनों निवासी गोलदा, थाना सुधानी, जिला कटिहार के रूप में हुई।
विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और मोटरसाइकिल को जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया और किस मकसद से ले जाया जा रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह