फतेहाबाद में अभय चौटाला ने ट्रैक्टरों की भीड़ पर मंडी सचिव को फटकारा
इनेलो सुप्रीमो ने किया फतेहाबाद अनाज मण्डी का दौरा, किसानों और व्यापारियों से की बातचीत
फतेहाबाद। अनाज मण्डी में किसानों को संबोधित करते अभय सिंह चौटाला।


फतेहाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला बुधवार को प्रदेश की अनाज मंडियों के दौरे के तहत फतेहाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने न केवल बीजेपी सरकार की किसान नीतियों पर तीखा प्रहार किया, बल्कि मंडी सचिव को मंच से सार्वजनिक चेतावनी देकर प्रशासनिक अमले में अफरा-तफरी फैल गई। अनाज मंडी में किसानों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि एडिशनल मंडी के बाहर ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और गेट बंद हैं। उन्होंने मंडी सचिव अमित रोहिल्ला को फोन पर चेतावनी देते हुए कहा, मुझे वापसी में सिरसा जाना है, अगर उस समय मुझे ट्रैक्टरों की लाइन दिखाई दी, तो सारा दिन कान पकड़वाकर मंडी के आगे खड़ा रखूंगा। इतना ही नहीं, चौटाला ने सचिव को माइक पर बुलवाया और सार्वजनिक रूप से किसानों को आश्वासन देने को कहा कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं आएगी। उनके निर्देश पर सचिव ने माइक पर अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया ताकि किसान सीधे संपर्क कर सकें। किसानों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि सरकार कच्ची मंडियों और खरीद केंद्रों को बंद करने की साजिश रच रही थी। आढ़तियों के लाइसेंस रिन्यू करने के बजाय कैंसिल किए जा रहे थे। चौटाला ने कहा इनेलो चौधरी देवीलाल द्वारा लगाया गया पौधा है और हम किसानों की सुविधाओं को छिनने नहीं देंगे। हमारी सख्ती के कारण ही सरकार को यूटर्न लेना पड़ा और रातों-रात आढ़तियों के लाइसेंस रिन्यू करने पड़े। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला और राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान, प्रियंका सिहाग, ईश्वर धांगड़, अमित सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा