Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को आने वाले महिला आरक्षण पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा लाया जाना वाला महिला आरक्षण बिल सिर्फ ढकोसला है।
अजय राय ने प्रेस कॉन्फेंस में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही महिलाओं को सम्मान देती रही है। सबसे पहले सरोजिनी नायडू को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल तथा सुचित्रा कृपलानी को प्रदेश की प्रथम महिला मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर प्रदान किया। फिर इंदिरा गांधी देश के प्रधानमंत्री बनी। उसके बाद प्रतिभा ताई पाटिल को देश का राष्ट्रपति बनाया और बाबू जगजीवन राम की पुत्री मीरा कुमार को लोकसभा का अध्यक्ष बनाया।
श्री राय ने कहा कि नोएडा में जो घटना घटी है वह बताती है कि सरकार पूरी तरह से शासन चलाने में अयोग्य साबित हुई है और इस मुद्दे पर निर्णय लेने में असफल साबित हुई है। इसका परिणाम है कि नोएडा में आज कई लोग घायल हैं और जिन लोगों पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया, उन्हीं को गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस सरकार के समय लोगों को स्थाई नौकरियां दी जाती थी दूसरों की सरकार आने पर संविदा नौकरियां दी जाने लगी। भाजपा की सरकार में आउटसोर्सिंग के माध्यम से दैनिक वेतन भोगी के रूप में नौकरियां दी जा रही है। जिसमें एक तरफ नौकरी सुरक्षित नहीं है दूसरी तरफ कम वेतन दिया जाता है और तीसरी तरफ वेतन का बड़ा हिस्सा आउटसोर्सिंग का ठेकेदार खा जाता है।
श्री राय ने 1 से 8वीं कक्षा तक ऐसे शिक्षकों को जो 25-30 सालों से पढ़ा रहे हैं के लिए टेट की परीक्षा अनिवार्य करने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि टेट की परीक्षा जुलाई 2011 से लागू हुई है इसलिए प्रदेश के 1 लाख 75 हजार शिक्षक जिनकी नौकरी इस नियम के कारण खतरे में आ गई है। कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी है। किसी भी हालत में किसी भी शिक्षक की नौकरी समाप्त नहीं होने दी जाएगी और यदि समाप्त होती है तो कांग्रेस सरकार बनने पर उनको पुनः सेवा मे बहाल किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय