Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नवगछिया के बाबा विशु राउत पुल पर बुधवार की सुबह एक ट्रक और पिकअप के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की गांड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के शिकार सभी लोग नवगछिया के ही रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन और पिकअप 407 की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में घायल दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत इलाज के दौरान हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।
मृतकों में मिल्की गांव निवासी संजो देवी (60) और कारी देवी (55) पति- प्रकाश मंडल और पाचो चौधरी शामिल है। घायलों में फुदनी चौधरी (55), मनोज यादव (40) और शोभा देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं चंपा देवी (40) और बेचनी देवी (50) का इलाज नवगछिया में चल रहा है।
परिजन ने बताया कि सभी लोग पटना से मजदूरी कर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप 407 को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर