Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती अंतर-कॉलेज टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को श्रेष्ठ पी यादव के शानदार नाबाद शतक की बदौलत पीजीडीएवी कॉलेज (पुरुष) ने श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज को 106 रन से करारी शिकस्त दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज (पुरुष) ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 289 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए श्रेष्ठ यादव ने 52 गेंदों पर 108 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा यश डाबस ने 36 गेंदों पर 98 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अंकित कुमार ने 20 गेंदों पर 46 रन का योगदान दिया।
गेंदबाजी में सक्षम ने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अंकित डाबस ने 3.1 ओवर में 3 विकेट हासिल किए। यश डाबस को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज की टीम 17.1 ओवर में 183 रन पर सिमट गई। टीम के लिए वीरेन वाही ने 52 रन और मेहुल ने 37 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
दूसरे मुकाबले में खालसा कॉलेज की जीत
टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज ने जाकिर हुसैन कॉलेज (पुरुष) को 5 विकेट से हराया। जाकिर हुसैन कॉलेज (पुरुष) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 179 रन बनाए। टीम के लिए अनमोल पोरवाल ने 50 रन, हर्ष ने 46 रन का योगदान दिया, जबकि राहुल जोशी ने गेंदबाजी में 2 विकेट लिए। जवाब में श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज ने 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए आरव दहिया ने 71 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पियूष ने 8 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे