Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर मंगलवार को जगह-जगह शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान शहर में आस्था, सम्मान और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
शोभायात्रा नगर निगम भागलपुर परिसर के पास से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए शहर का भ्रमण किया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में शामिल लोग हाथों में बैनर और झंडे लिए बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करते नजर आए। “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” जैसे नारों के साथ लोगों ने सामाजिक एकता और समानता का संदेश दिया।
इस दौरान युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। वहीं, अंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर के कई शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में भी विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता शामिल रहे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों और युवाओं को बाबा साहेब के विचारों और उनके योगदान से अवगत कराया गया। बरारी स्थित अंबेडकर भवन परिसर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय के लिए किए गए प्रयासों और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर