बेलगाम फ्लाईएश परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, धरमजयगढ़ में 10 वाहनों पर जुर्माना
रायगढ़ , 14 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्मित हो रही सड़क पर इन दिनों फ्लाईएश परिवहन करने वाले भारी वाहनों की मनमानी ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय समा
ओवरलोड फ्लाईएश के वाहन


रायगढ़ , 14 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्मित हो रही सड़क पर इन दिनों फ्लाईएश परिवहन करने वाले भारी वाहनों की मनमानी ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टलों सोशल मीडिया में लगातार प्रकाशित हो रही खबरों और जन-असंतोष को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।

प्रशासन के निर्देश पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाते हुए ओवरलोड, तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक फ्लाईएश परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत फ्लाईएश ले जा रहे 10 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए प्रत्येक वाहन से5-5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई न केवल नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने की दिशा में एक कदम है, बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए भी स्पष्ट संदेश है कि कानून की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। और ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार एवं असावधानी पूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना को आमंत्रण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान