यमुनानगर:रोटरी क्लब ने कराया 17 जोड़ों का सामूहिक विवाह
रोटरी क्लब यमुनानगर ने शहर में 10वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कर 17 जरूरतमंद जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न कराया।
नवविवाहित जोड़ो के साथ रोटरी क्लब के पदाधिकारी


यमुनानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। रोटरी क्लब यमुनानगर ने शहर में दसवें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कर 17 जरूरतमंद जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न कराया। कार्यक्रम एक निजी पैलेस में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और क्लब सदस्यों ने सहभागिता कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। समारोह के प्रोजेक्ट चेयरमैन संजय मल्होत्रा ने बताया कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनते हैं। इससे विवाह संबंधी खर्च का बोझ कम होता है और समाज में सहयोग व समानता की भावना को बल मिलता है।

उन्होंने इस पहल को निरंतर जारी रखने का संकल्प भी दोहराया। क्लब अध्यक्ष ईश आनंद ने कहा कि सभी जोड़े वंचित वर्ग से संबंधित हैं और आयोजन को पारिवारिक माहौल में संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि क्लब के प्रत्येक सदस्य ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। वहीं सचिव विभोर पाहुजा ने उपस्थित अतिथियों का आभार जताया। कोषाध्यक्ष आशीष लूथरा के अनुसार समारोह पर लगभग 23 लाख रुपये व्यय किए गए, जिसे क्लब के सदस्यों ने मिलकर वहन किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर राजेश मग्गो और डॉक्टर रितु मग्गो ने नवविवाहित जोड़ों को स्वास्थ्य और परिवार नियोजन से संबंधित उपयोगी जानकारी दी। संजय पाहुजा ने क्लब की विभिन्न जनहित गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की, जबकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने आयोजन की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार