Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धार, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित तारपुरा में 'रामकी एनवायरो कंपनी' में मंगलवार को तीन धमाके हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में दशहत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 में स्थित रामकी एनवायरो कंपनी वही है, जिसमें भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान (जलाने) किया गया था। जानकारी मिली है कि मंगलवार को यहां एक के बाद एक लगातार तीन धमाके हुए। धमाके इतने भीषण थे कि उनकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत फैल गई। विस्फोटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंपनी के निकटवर्ती तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने झटके महसूस किए।
ग्रामीणों ने बताया कि धमाकों के कारण उनके घरों में रखे बर्तन और टेलीविजन तक स्टैंड से नीचे गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि हम घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने बताया कि रामकी एनवायरो कंपनी में विस्फोट घटना की सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना अभी तक नहीं है। वहीं इस पूरे मामले की जांच जारी है। कंपनी प्रबंधन की तरफ से भी किसी प्रकार की जनहानि से इंकार किया गया है।
गौरतलब है कि रामकी एनवायरो कंपनी पिछले साल यह कंपनी भोपाल गैस कांड के जहरीले कचरे को जलाने के कारण देशभर में चर्चा का विषय बनी थी। कचरा प्रबंधन और निपटान का कार्य करने वाली इस कंपनी में हुए इन धमाकों ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खबर लिखे जाने तक, पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम कंपनी के अंदर धमाके के वास्तविक कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर