Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फरीदाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग से बाटा रेलवे फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते पर सोमवार रात हुए सडक़ हादसे में सीमेंट मिक्सर ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सीमेंट मिक्सर ट्रक ड्राइवर वाहन छोडक़र मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास खड़े लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक युवक की पहचान अमर सिंह के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। अमर सिंह किसी निजी कंपनी में काम करता था और बीती रात बल्लभगढ़ की तरफ से बाटा फ्लाईओवर के रास्ते अपने घर जा रहा था। जब वह बाटा रेड लाइट से मुडक़र बाटा रेलवे फ्लाईओवर की चढ़ाई की ओर बढ़ रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सीमेंट मिक्सर ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सडक़ पर गिर गया और ट्रक की चपेट में आ गया। इस दौरान ट्रक का पिछला टायर उसके पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन जब उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान अमर सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। वहीं सेक्टर-11 पुलिस चौकी के एएसआई देवेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा चुका था। मौके पर सीमेंट मिक्सर ट्रक और उसके ड्राइवर को ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक और ड्राइवर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर