जींद: घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म
अश्लील वीडियो बना वायरल कर ब्लैकमेल करने का आरेाप
महिला थाना जींद


जींद, 14 अप्रैल (हि.स.)। सदर थाना इलाका गांव में पड़ोसी के घर में घुस कर नाबालिग लडक़ी के साथ दुष्कर्म करने तथा अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व ब्लैकमेल करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदर थाना इलाका गांव की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत दिवस वह परिवार समेत बाहर गई हुई थी। घर में उसकी 16 वर्षीय बेटी अकेली थी। दोपहर को उनका पड़ोसी राजेश घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने उसकी बेटी की अश्लील वीडियो भी बना ली। घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे वायरल करने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। जब शाम को वे घर वापस लौटे तो उसकी बेटी ने राजेश की हरकत के बारे में बताया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपित राजेश के खिलाफ दुष्कर्म व ब्लैकमेल करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय सहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला थाना प्रभारी मोनिका ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता की मां ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा