Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 13 अप्रैल (हि.स.)। सागर जिले की नवागत कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक कसावट शुरू कर दी है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित पहली समय-सीमा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उनके कार्यों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि सभी जिलाधिकारी समय-सीमा बैठक सहित अन्य महत्वपूर्ण बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने बैठक के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों का परिचय लिया और विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने-
जनगणना 2027: तैयारियों और डेटा संग्रहण की प्रारंभिक प्रगति।
संकल्प से समाधान: जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश।
जल गंगा संवर्धन अभियान: जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें
पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल,जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित समस्त एसडीएम, जनपद व नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहे।
कलेक्टर का संदेश: अधिकारी केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहें, बल्कि संवेदनशीलता के साथ हितग्राहियों की समस्याओं को सुलझाएं। स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाओं में किसी भी प्रकार की देरी अक्षम्य होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे