Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 10 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले के नाहन क्षेत्र के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत बनकला में इस वर्ष भी बैसाखी का पावन पर्व बड़े धूमधाम और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत बनकला के ऐतिहासिक महर्षि मार्कण्डेश्वर महादेव ढिमकी मंदिर में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय बैसाखी मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को भी एक बड़ा मंच प्रदान करता है।
मेले का विधिवत शुभारंभ 13 अप्रैल, सोमवार को सुबह 9:00 बजे एक भव्य शोभा यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा बोहलियों मंदिर से शुरू होकर ढिमकी स्थित महर्षि मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। इसी दिन शाम को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहाँ भक्तजन प्रसाद ग्रहण करेंगे।
मेले का मुख्य आकर्षण 14 अप्रैल, मंगलवार को रहेगा। दिन की शुरुआत सुबह 7:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन से होगी, जिसके बाद 10:00 बजे झंडा पूजन की रस्म अदा की जाएगी। दोपहर 12:00 बजे से आम जनता के लिए विशेष भंडारा शुरू होगा।
दोपहर बाद 4:00 बजे से उत्तर भारत की प्रसिद्ध ‘दंगल’ (कुश्ती) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस दंगल में हिमाचल, हरियाणा और पंजाब के नामी पहलवान अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। शाम को संध्या आरती के बाद रात्रि 8:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जिसका मूल मंत्र “हर प्रतिभा को मंच” रखा गया है, ताकि स्थानीय कलाकारों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिल सके।
मेले की श्रृंखला में 16 अप्रैल, गुरुवार को बाबा मस्तगीरी जी का वार्षिक भंडारा आयोजित किया जाएगा। यह भंडारा सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा, जो इस तीन दिवसीय उत्सव का अंतिम औपचारिक कार्यक्रम होगा। मंदिर समिति ने क्षेत्र के समस्त निवासियों से आग्रह किया है कि वे सपरिवार इस मेले में पहुँचकर महादेव का आशीर्वाद लें और कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर