Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 10 अप्रैल (हि.स.)। समेकित बाल विकास सेवा के अंतर्गत शुक्रवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लहटन चौधरी सभागार में अपराह्न 3 बजे आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,आईसीडीएस, सुपौल ने की।
बैठक में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला मिशन समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण ट्रैकर, टीएचआर वितरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके समुचित प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोषण पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ भी किया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि पोषण पखवाड़ा के दौरान कुपोषण रैली, अन्नप्राशन कार्यक्रम, गोद भराई, स्वास्थ्य जांच शिविर और जन-जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं से जोड़ा जा सके।
अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में सभी कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया, ताकि जिले में मातृ एवं शिशु पोषण की स्थिति में सुधार लाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र