Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 10 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने समालखा की राजीव कॉलोनी में एक युवक को 9.75 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान डिडवाड़ी निवासी अंकुर के रूप में हुई है। उसे शुक्रवार काे अदालत में पेश करके चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि उनकी टीम गुरुवार देर रात गश्त व जांच पड़ताल के दौरान समालखा में अनाज मंडी के पास थी। टीम को तभी सूचना मिली कि डिडवाड़ी निवासी अंकुर मादक पदार्थ बेचने का अवैध काम करता है। अंकुर मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए राजीव कॉलोनी में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान गांव डिडवाडी निवासी अंकुर के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने युवक की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई लोवर की जेब से पोलिथीन में पैक हेरोइन (नशीला पदार्थ) बरामद हुई। बरामद हेरोइन का वजन करने पर 9.75 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने व शार्टकट तरिके से मौटे पैसे कमाने के लिए वह तीन दिन पहले पंजाब के मुक्तसर में एक युवक से 15 ग्राम हेरोइन कम कीमत पर खरीद कर लाया था। उसने कुछ हेरोइन स्वयं नशा करने में खर्च कर दी और कुछ हेरोइन अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी। बुधवार देर रात को वह बची 9.75ग्राम हेरोइन को लेकर बेचने के लिए समालखा राजीव कॉलोनी में ग्राहक की फिराक में आया था। आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा