Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 10 अप्रैल(हि.स.)।
अपर समाहर्ता (आपदा) की अध्यक्षता में ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण को लेकर शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में बताया गया कि ज्ञान भारतम मिशन के तहत ऐसी पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जाना है, जिनकी आयु न्यूनतम 75 वर्ष या उससे अधिक हो।पांडुलिपियों में कागज़, भोजपत्र, ताड़पत्र, कपड़ा आदि पर लिखित प्राचीन दस्तावेज़ शामिल है।
जिलांतर्गत सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों जैसे मठ, मंदिर, शैक्षणिक संस्थान, निजी संगठन आदि तथा ऐसे व्यक्तियों, जिनके पास पांडुलिपियों का संग्रह उपलब्ध है, को चिन्हित करते हुए उनकी सूची तैयार करने का निर्णय लिया गया।
सभी प्रखंड के बीडीओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रखंड क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को पांडुलिपियों के सर्वेक्षण हेतु प्रोत्साहित करें तथा संस्थाओं एवं व्यक्तियों के पास उपलब्ध पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम मोबाइल एप पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया तथा आमजन से इसमें सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी अभिलेखागार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर