Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिलासपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग छात्रा की उसके कथित बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात नाबालिग लड़की का शव मिलने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि मृतका खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा थी, जो 28 मार्च की रात से लापता थी।
पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने परिचित मोहन वर्मा और दो अन्य युवकों के साथ घर से निकली थी। सभी डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कोरबा की ओर जा रहे थे।
ट्रेन में विवाद के बाद वारदात
यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर छात्रा और उसके कथित बॉयफ्रेंड के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान आरोपित ने गुस्से में आकर छात्रा को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव मिलने से खुला मामला
साेमवार को मस्तूरी पुलिस को किसान-परसदा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया और आसपास के थानों को सूचना दी। इस बीच खैरागढ़ क्षेत्र से एक नाबालिग के लापता होने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजनों ने शव की पहचान की। मृतका की पहचान 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के रूप में हुई।
आरोपित हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज बुधवार काे मुख्य आरोपित मोहन वर्मा, हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और आगे की जांच की जा रही है।
बताया गया कि मृतका चार बहनों में से एक थी। उसके पिता स्थानीय हाईस्कूल में कार्यरत हैं, जबकि मां आंगनबाड़ी में काम करती हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं इस मामले में आज बुधवार काे एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि, देविका 8वीं में पढ़ती थी और अपने परिवार की चार बहनों में से एक थी। पिता शैलेंद्र वर्मा स्थानीय हाईस्कूल में स्वीपर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता आंगनबाड़ी में रसोइया हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय