Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोडरमा, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत बगड़ो गांव में मंगलवार की देर शाम एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की पहचान चांदनी कुमारी (पिता बैद्यनाथ राणा) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय घर के अन्य परिजन उनके रिश्ते में होने वाले एक शादी समारोह को लेकर खरीदारी करने बाजार गए हुए थे। परिजन जब बाजार से वापस घर लौटे तो छत पर चढ़ने के बाद देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। दरवाजा तोड़ने पर छात्रा फंदे के सहारे छत से झूलती हुई मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चांदनी की मां मंजू देवी ने बताया कि चांदनी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर घटना से एक दिन पूर्व उक्त लड़के के परिजन इनके घर आए और लड़की को डांट फटकार लगाने लगे। वहीं लड़की से भविष्य में उनके बेटे से कभी भी कोई संपर्क ना रखने की बात कही। गांव लोगों ने इन्हें बताया कि मंगलवार को जब ये लोग बाजार गए हुए थे, इसी बीच उक्त लड़के के परिजन इसके घर आए और चांदनी की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा अभी तक किसी भी प्रकार की कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। आवेदन मिलने के पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर