फतेहाबाद : भाजपा समर्थिक विकास बने रतिया ब्लॉक समिति के चेयरमैन, भाजपा हाईकमान का जताया आभार
फतेहाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। जिले की रतिया पंचायत समिति में आखिरकार सवा साल बाद फिर से बीजेपी ने अपना चेयरमैन बना लिया है। सोमवार को हुए चुनाव में वार्ड नंबर 7 से सदस्य विकास को सर्वसम्मति से चेयरमैन चुना गया है। यह चुनाव प्रक्रिया जिला विकास एवं पं
फतेहाबाद। रतिया पंचायत समिति सदस्यों के साथ चेयरमैन चुने गए विकास।


फतेहाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। जिले की रतिया पंचायत समिति में आखिरकार सवा साल बाद फिर से बीजेपी ने अपना चेयरमैन बना लिया है। सोमवार को हुए चुनाव में वार्ड नंबर 7 से सदस्य विकास को सर्वसम्मति से चेयरमैन चुना गया है। यह चुनाव प्रक्रिया जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अनूप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान चेयरमैन पद के लिए केवल एक ही नामांकन आया। इसके चलते बिना किसी विरोध के विकास के चेयरमैन बनने की घोषणा कर दी गई। वाइस चेयरमैन अवतार सिंह बने रहेंगे, उन्हें 16 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ है। अपने चयन पर चेयरमैन विकास ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, अंकित सिंगला सहित भाजपा नेताओं का आभार जताया है। बीडीपीओ कार्यालय में सोमवार को डीडीपीओ अनूप सिहाग की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया सम्पन हुई। इस दौरान बीडीपीओ विकास कुमार सहित पुलिस बल मौजूद था। आज की चुनावी बैठक में पंचायत समिति के 21 सदस्यों में से 16 सदस्य मौजूद रहे। कोरम पूरा होते ही बैठक की कार्रवाई शुरू की गई। चेयरमैन पद के चुनाव में वार्ड नं 7 भानीखेड़ा के ब्लॉक समिति सदस्य विकास का एक मात्र नाम होने पर सभी सदस्यों ने सर्वसहमति से उन्हें चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया। इसके बाद डीडीपीओ अनूप सिहाग ने विकास को चेयरमैन नियुक्त करने की घोषणा करते हुए बताया कि बैठक का कोरम पूरा करने के लिए 14 सदस्यों की जरूरत थी तथा बैठक में 16 सदस्य मौजूद थे। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई तथा एकमात्र विकास का नाम होने के चलते चुनावी प्रक्रिया पूरी की गई तथा विकास को आगामी चेयरमैन नियुक्त किया गया है।चेयरमैन नियुक्त होने के बाद मौके पर पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए विकास ने कहा कि उनका लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र का विकास करवाना होगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए विकास को नियुक्त किया गया है। बता दें कि 23 फरवरी को हुई बैठक में 16 सदस्यों ने कांग्रेस समर्थिक चेयरमैन केवल कृष्ण मेहता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उन्हें पद से हटा दिया था। इससे पहले 19 फरवरी को प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बुलाई गई लेकिन बाद में बैठक स्थगित हो गई थी। इसके बाद पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल 16 सदस्यों को लेकर मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी से भी मिली थी। रतिया ब्लॉक समिति में चेयरमैन सहित 22 सदस्य हैं। एक महिला सदस्य के निधन के बाद अब कुल 21 सदस्य रह गए हैं। केवल कृष्ण मेहता जब चेयरमैन बने थे, उस समय वह भाजपा में थे। विधानसभा चुनाव में रतिया से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को टिकट मिलने के बाद वे चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़ कांग्रेस में चले गए थे। इसके बाद से उन्हें पद से हटाने की कोशिशें शुरू हुई। पिछले वर्ष 9 फरवरी को ही बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो सका था जिसके चलते केवल मेहता की कुर्सी बच गई थी लेकिन इस बार 23 फरवरी को केवल मेहता कुर्सी बचाने में विफल रहे और सोमवार को 16 सदस्य ने मिलकर नया चेयरमैन भी नियुक्त कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा