Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नदिया, 09 मार्च (हि. स.)। जिले के फूलिया इलाके में सोमवार सुबह रेल लाइन के किनारे टहल रहे एक 70 वर्षीय वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरांग बसाक के रूप में हुई है।
परिवार और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गौरांग बसाक रोज की तरह सुबह सैर के लिए घर से निकले थे। उम्र संबंधी कई शारीरिक समस्याओं के साथ उन्हें सुनने में भी काफी परेशानी थी। बताया गया है कि वह फूलिया स्थित अपने घर से कुछ दूरी पर रेल लाइन के किनारे बने रास्ते पर टहल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि जब शांतिपुर-सियालदह डाउन लोकल ट्रेन वहां से गुजर रही थी, तब संभवतः वह ट्रेन की सीटी नहीं सुन पाए और अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, सूचना पाकर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय