Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। विश्वकर्मा थाना इलाके में दिल्ली अजमेर हाईवे पर रोड नंबर -14 के समीप रविवार दोपहर करीब 1 बजे रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस की गाडी की चपेट में आने एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से समझाईश कर मामला शांत कराया।
थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर 1 बजे के करीब विश्वकर्मा 14 नंबर पुलिया के पास ताला गांव निवासी गौतम मीना 27 रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस की गाड़ी के चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक बिना हेलमेंट पहने अपनी बाइक के पीछे सीमेंट का कट्टा बांध कर जा रहा था और फर्स्ट लाइन में चलते -चलते अचानक से डिवाइडर की ओर आ गया । जिससे पीछे से आ रही आरटीओं सेकेंड उड़नदस्ते की गाड़ी ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवहन निरीक्षक सकीला बानो उड़नदस्ता गार्ड के साथ घायल गौतम को पहले तो सीके बिडला अस्पताल लेकर पहुंची । जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद सवाई मानसिंह हॉस्पिटल रैफर कर दिया। सकीला उसे परिवहन विभाग के वाहन से ही एसएमएस लेकर पहुंची और उसे भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है।
वहीं परिवहन विभाग के गाड़ी से हादसा होने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा मचा दिया। जिसके बाद राहगीरों व स्थानीय निवासियों ने करीब 15 मिनट तक हाईवे जाम रखा और विरोध प्रदर्शन करने लगे। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रैफिक को फिर शुरू करवाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और परिवहन विभाग की गाड़ी को थाना परिसर में खड़ा करवाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश