Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 08 मार्च (हि.स.)।मध्य प्रदेश के सागर जिले के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले सिविल लाइन चौराहे पर देर रात शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी गाड़ी के चालक को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल उठे और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब भाजपा जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ मकरोनिया से सिविल लाइन की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार सिविल लाइन चौराहे के पास पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक दूसरी कार से उनकी गाड़ी की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दूसरी कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण टक्कर बेहद भयावह हो गई।
भिड़ंत की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगते ही एक कार मौके पर ही पलट गई, जबकि दूसरी गाड़ी सड़क से दूर जाकर जा गिरी। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।
इस हादसे में भाजपा जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल और उनकी पत्नी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि उनकी कार चला रहे चालक को गंभीर चोटें आई हैं। चालक को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल ने अक्षय चौरसिया नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना करने वाला युवक शराब के नशे में तेज रफ्तार से कार चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक तौर पर दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि देर रात होने के कारण चौराहे पर यातायात अपेक्षाकृत कम था। यदि उसी समय ज्यादा ट्रैफिक होता, तो यह हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था और बड़ी जनहानि हो सकती थी। दुर्घटना के बाद दोनों कारों की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी, लापरवाही से ड्राइविंग थी या फिर ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी। साथ ही संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे