Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 08 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ठाणे के उत्तन में स्थित रामभाउ म्हालगी प्रबोधिनी में रविवार को कहा कि शासकीय योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार कटिबद्ध है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार को रामभाउ ह्मालगी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तथा समाज सुधारक डॉ.मुत्थुलक्ष्मी रेड्डी के विधानमंडल सदस्य बनने के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित विकसित भारत नारी शक्ति संगम ग्रामीण महिला नेतृत्व सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ग्राम विकास एवं पंचायत राज मंत्री जयकुमार गोरे, प्रबोधिनी के उपाध्यक्ष डॉ विनय सहस्त्रबुध्दे, पद्मश्री सम्मानित पोपटराव पवार, प्रबोधिनी के कार्यकारी निदेशक अभिराम घड्याळेपाटील, कोकण विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सुर्यवंशी, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाविनोद शर्मा, अपर जिलाधिकारी हरिशचंद्र पाटील, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजिंक्य पवार, प्रांताधिकारी उर्मिला पाटील, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ग्राम पंचायत) प्रमोद काले तथा अपर तहसीलदार निलेश गौड सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि समाज के सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढऩा समय की आवश्यकता है। यदि महिलाओं को उचित अवसर दिए जाएँ तो वे प्रभावी नेतृत्व प्रदान कर सकती हैं और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि लखपती दीदी योजना के अंतर्गत इस वर्ष 37 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग और स्टार्टअप के क्षेत्र में महाराष्ट्र की महिलाओं ने देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। इस सम्मेलन में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली लगभग 500 ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया है। व्यवसाय, उद्योग, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सफल यात्राओं के अनुभव इस मंच के माध्यम से साझा किए जाएंगे। इस सम्मेलन में ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व विकास, उद्यमिता तथा सामाजिक परिवर्तन में उनकी भूमिका पर विभिन्न सत्रों में चर्चा की जाएगी और कुछ विशिष्ट महिलाओं के प्रेरणादायी अनुभव भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव