Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच की राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक का समापन रविवार को प्रताप नगर स्थित वरमाला रिजोर्ट में हुआ। बैठक का समापन मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर. सुन्दरम के संबोधन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
प्रांत संयोजक सुरेन्द्र नामा ने बताया कि सात मार्च को राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुई इस बैठक में देशभर से आए 425 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम और जयपुर प्रांत प्रचारक बाबूलाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल ने राजीव कुमार (मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) को मंच का अखिल भारतीय सह-संयोजक तथा दीपक कुमार प्रदीप को अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख के दायित्व पर नियुक्त किया। इसके साथ ही लोकेन्द्र सिंह नरूका को स्वावलंबी भारत अभियान का राजस्थान क्षेत्र समन्वयक, दिनेश कुमार शर्मा को जयपुर प्रांत का स्वावलंबी भारत अभियान समन्वयक तथा जोधपुर के श्रीकृष्ण अवतार को राजस्थान क्षेत्र का विचार विभाग प्रमुख नियुक्त किया गया।
नामा ने बताया कि बैठक के समापन दिवस पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कुल आठ सत्र आयोजित किए गए। इनमें स्वदेशी स्वावलंबन भारत अभियान की प्रगति और आगामी कार्ययोजना, पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण व चयन प्रक्रिया, निधि संग्रह अभियान, पर्यावरण संरक्षण व भूमि संपोषण अभियान, ग्रामीण आधारित रोजगारोन्मुख अर्थव्यवस्था, पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक विकास, स्वदेशी शोध संस्थान को गति देने तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के परिप्रेक्ष्य में महिलाओं की आर्थिक भूमिका जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई।
बैठक के अंत में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने तथा परिषद् में लिए गए निर्णयों को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश