Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 08 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के संगीत और लोक कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर में होली के रंगों के साथ एक शानदार लाइव बैंड होली फेस्ट का आयोजन हो रहा है। लालटेन के सहयोग से नौ मार्च को होने वाला यह कार्यक्रम शोभावतों की ढाणी स्थित महफिल ए जोशी स्टूडियो में होगा, जहां शहर के कई दिग्गज कलाकार अपनी जादुई प्रस्तुतियां देंगे।
संयोजक हिमांशु शर्मा ने बताया कि यह इस साल का 15वां सीजन है, जो 9 मार्च को शाम 5 बजे शुरू होगा। हर साल की तरह इस बार भी संगीत प्रेमियों में जबरदस्त जोश और उत्साह का माहौल है। इस बार मंच पर देशभर के मशहूर गायक मोती खान अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस देंगे, जिनका हालिया गीत धुंसों बाजे रे यूट्यूब पर 10 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध संतूर वादक नवाब खान अपने क्लासिकल बैंड के साथ सूफियाना और पारंपरिक धुनों से समा बांधेंगे। भजन-पॉप के लिए मशहूर सफरनामा बैंड राजस्थानी फागण को पश्चिमी स्टाइल में पेश करके एक अनोखा फ्यूजन तैयार करेगा, जो इस आयोजन का सबसे अनूठा आकर्षण है। राजस्थानी लोकगीतों में रॉक का तडक़ा लगाने वाले जोधपुर के चर्चित बैंड कोल्ड स्वेट मिडनाइट की थिरकन भरी प्रस्तुति देंगे। शैला माहेश्वरी क्लासिकल बंदिशों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी, जबकि ईरा बैंड बॉलीवुड क्लासिक्स को नई ताजगी के साथ पेश करेगा। गज़़ल और सूफी संगीत की मिठास घोलने के लिए विशाल थानवी अपनी स्पेशल परफॉर्मेंस देंगे। कार्यक्रम में दीपक जोशी, कर्नल सुरेश, देवयानी मुथा भी प्रस्तुति देंगे। खास बात यह है कि वे अपने हाल ही में रिलीज़ हुए गीतों के साथ-साथ साहित्यकार और संगीतकार हिमांशु किरण शर्मा की ओर से कंपोज किए गए गीत पहली बार लाइव प्रस्तुत करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश