Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

झज्जर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को गांव मेहंदीपुर डाबोदा में 'मेरा गांव मेरा देश' संस्था द्वारा फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 8 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में ग्राम पंचायत की ओर से डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, पूर्व डीजीपी रंजीव दलाल सहित अन्य अतिथियों का फूलों की माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सरपंच रेशमा देवी ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए गांव की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीसी पाटिल ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ.साथ उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में भी सहायक होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व डीजीपी रंजीव दलाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ खेल में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
महिला दिवस के अवसर पर उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने गांव की महिलाओं को भी सम्मानित किया और समाज में उनके योगदान की सराहना की। अधिकारियों ने मेरा गांव मेरा देश संस्था द्वारा संचालित दादा रूप चंद रीड इंडिया ज्ञान केंद्र भी देखा और संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज