Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाहन आगमन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला सिरमौर के कार्यकर्ताओं ने छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि जिला सिरमौर के विद्यार्थियों की समस्याओं और मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाए।
एबीवीपी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग उठाई कि स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में एमएससी, एमकॉम, एमए और बी.एड. की पढ़ाई जल्द से जल्द शुरू की जाए, ताकि क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके अलावा नाहन महाविद्यालय, संस्कृत महाविद्यालय और पांवटा महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई।
परिषद ने छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हवाला देते हुए छात्रसंघ चुनाव को जल्द से जल्द बहाल करने की भी मांग रखी। साथ ही शिलाई क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान के मामले में उच्च स्तरीय जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर