अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: जयपुर में विविध आयोजन के साथ महिलाओं का हुआ सम्मान
जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को शहर भर में विभिन्न संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तीकरण, फागोत्सव, भजन संध्या और सम्मान समारोह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में महिलाओं के अधिकारों के साथ उनके आत्मसम्म
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: जयपुर में विविध आयोजन के साथ महिलाओं का हुआ सम्मान


अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: जयपुर में विविध आयोजन के साथ महिलाओं का हुआ सम्मान


जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को शहर भर में विभिन्न संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तीकरण, फागोत्सव, भजन संध्या और सम्मान समारोह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में महिलाओं के अधिकारों के साथ उनके आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य और निर्णय क्षमता जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में मालवीय नगर स्थित अनुविभा केंद्र के महाप्रज्ञ सभागार में ‘गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 40 से 45 गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को समूहों में बांटकर महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा कराई गई और ‘आइडिया टू इंपैक्ट’ कार्य योजना तैयार की गई। इस दौरान ललिता बोथरा और संपत देवी कोठारी को ‘प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विमला दूगड़, कौशल्या जैन सहित महिला मंडल की पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहीं।

इसी तरह शक्ति फाउंडेशन की ओर से स्किल ट्रेनिंग स्कूल से जुड़ी महिलाओं के लिए होटल हयात पैलेस में विशेष लंच का आयोजन किया गया। फाउंडेशन की संस्थापक सोनाक्षी वशिष्ठ ने बताया कि यह पहल महिलाओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का प्रयास है।

अविरा क्लब के तत्वावधान में आयोजित फागोत्सव में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। भजन संध्या और राधा-कृष्ण की रासलीला से वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

वहीं राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर की ओर से भट्टारकजी की नसियां में ‘वुमेन्स पावर–2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रेणू राणा और इंदिरा बडजात्या को ‘नारी गौरव सम्मान’ तथा विभिन्न क्षेत्रों की 12 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, टॉक शो, मोटिवेशनल संबोधन और महिलाओं के स्वास्थ्य पर चर्चा भी हुई।

दादू दयाल नगर, मानसरोवर में महिला पतंजलि योग समिति की ओर से योगाभ्यास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महिला दिवस मनाया गया। राज्य प्रभारी डॉ. सरिता गुर्जर के सानिध्य में योग, प्राणायाम और प्रेरक उद्बोधन आयोजित हुए। कार्यक्रम के अंत में शांति पाठ के साथ प्रसाद वितरण किया गया। इन सभी आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश