Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बाराबंकी, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के पड़रिया गांव में रविवार को खेत में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान पड़रिया मजरे लाही गांव निवासी बसंती (70) पत्नी बाबूलाल रावत के रूप में हुई है। बताया गया कि बसंती अपने 12 वर्षीय नाती अंकित के साथ घर में रहती थी। अंकित ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर शाम उसने अपनी नानी के साथ खाना खाया था और दोनों सो गए थे। रात करीब 11 बजे उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि नानी अपनी चारपाई पर नहीं थीं। उसने घर के आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिलीं तो वह दोबारा सो गया। सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने खेत में एक महिला का शव पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव बसंती का है। इसके बाद गांव में हड़कम्प मच गया और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
ग्राम प्रधान गंगा प्रसाद ने बताया कि मृतका का एक बेटा छेद्दू है, जो शादीशुदा है और दिल्ली में मजदूरी करता है। उसकी बहू मधु इस समय अपने मायके में रह रही है, जबकि बसंती अपने नाती अंकित के साथ गांव में रहती थीं।
अपर पुलिस अधीक्षक समर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी