Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुलतानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कूरेभार थानाक्षेत्र स्थित मुजेश गांव में रविवार को नहर के पास एक महिला का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक महिला की पहचान अयोध्या के बीकापुर थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासी दीप प्रकाश की पत्नी राधा के रूप में की है। राधा की एक तीन साल की बेटी है। महिला के भाई अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र स्थित बैसूपाली निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बहन की दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप ससुरालियों पर लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि उनकी बहन राधा की शादी वर्ष 2020 में अयोध्या के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के बेनीपुर निवासी दीप प्रकाश से हुई थी। शादी में उन्होंने अपने बहनोई को एक लाख रुपये नकद और एक बाइक सहित अन्य सामान उपहार स्वरूप दिया था।
शादी के कुछ समय बाद ही बहन के पति दीप प्रकाश, ससुर राम शब्द, सास, अजिया सास, देवरानी कविता, देवर जय प्रकाश, विकास और विवेक ने राधा को कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 7 मार्च को बहनोई दीप प्रकाश ने फोन कर सूचना दी कि राधा घर से कहीं चली गई है। परिवार के सदस्यों ने राधा की तलाश शुरू की, लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला तो बीकापुर कोतवाली थाने में राधा के गुम होने की सूचना दर्ज कराई। रविवार सुबह धर्मेंद्र को फोन पर सूचना मिली कि उनकी बहन का शव मुजेश स्थित नहर के किनारे लटका हुआ मिला है। धर्मेंद्र ने यह भी बताया कि उनकी बहन 2-3 माह की गर्भवती थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बहन की हत्या उक्त लोगों ने की है।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि कूरेभार में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने के सम्बन्ध में सूचना प्राप्त हुई। पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि मुंजेश नगर के किनारे एक महिला अपनी साड़ी से फंदे से लटकी पायी, जिसकी आधी बाॅडी नहर के पानी के नीचे तथा आधी बाॅडी उसके ऊपर थी। प्रथम दृष्टया शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त