रेलवे का मेगा ब्लॉक: हिमाचल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द, वंदे भारत और जन-शताब्दी के समय में बदलाव
ऊना, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली-अंबाला छावनी जंक्शन सेक्शन पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। शाहाबाद मारकंडा और मोहरी स्टेशनों पर लूप लाइनों के विस्तार और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल की स्थापना के कार्य हे
रेलवे का मेगा ब्लॉक: हिमाचल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द, वंदे भारत और जन-शताब्दी के समय में बदलाव


ऊना, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली-अंबाला छावनी जंक्शन सेक्शन पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। शाहाबाद मारकंडा और मोहरी स्टेशनों पर लूप लाइनों के विस्तार और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल की स्थापना के कार्य हेतु रेलवे ने 'पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक' को मंजूरी दी है। इस तकनीकी कार्य के कारण जिला ऊना के विभिन्न स्टेशनों से गुजरने वाली रेल सेवाओं पर गहरा असर पड़ेगा। 30 मई से 6 जून के बीच हिमाचल एक्सप्रेस सहित दो जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि वंदे भारत और जन-शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका जाएगा या उनके समय में बदलाव किया गया है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य के चलते दौलतपुर चौक–दिल्ली जंक्शन–दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस (14053/14054) को दोनों दिशाओं में 30 मई से 4 जून तक रद्द रखा जाएगा। इस अवधि में इस ट्रेन की कुल छह ट्रिप रद्द रहेंगी।

इसके अलावा रायपुर हरियाणा जंक्शन–अंब अंदौरा पैसेंजर (64563) भी 31 मई से 5 जून तक रद्द रहेगी, जिससे कुल छह ट्रिप प्रभावित होंगी। वहीं अंब अंदौरा–रायपुर हरियाणा जंक्शन पैसेंजर (64564) को 30 मई से 4 जून तक रद्द किया गया है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों का समय भी बदला गया है। गांधीनगर कैपिटल–दौलतपुर चौक एक्सप्रेस (19411) 30 मई से 4 जून तक गांधीनगर कैपिटल स्टेशन से अपने निर्धारित समय सुबह 10:00 बजे के बजाय दोपहर 12:40 बजे रवाना होगी। इसी तरह अंब अंदौरा–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस (22448) 6 जून को अंब अंदौरा से अपने निर्धारित समय दोपहर 1:00 बजे के स्थान पर दोपहर 3:15 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी।

कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोका जाएगा। रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों को संचालन के दौरान बीच रास्ते में रोका भी जाएगा। नई दिल्ली–दौलतपुर चौक जन शताब्दी एक्सप्रेस (12057) को 6 जून को लगभग सवा एक घंटे तक आदर्श नगर दिल्ली और ढोला माजरा के बीच रोका जाएगा। वहीं नई दिल्ली–अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस (22447) को 31 मई से 5 जून तक आदर्श नगर दिल्ली और कुरुक्षेत्र जंक्शन के बीच करीब 45 मिनट तक रोका जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य पूरा होने के बाद इस रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और बेहतर हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल