Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि महिलायें परिवार की शक्ति तथा मजबूती का आधार है। प्रतिदिन सुबह जगने से लेकर रात्रि सोने तक की दिनचर्या में महिलाओं का योगदान सर्वोपरि है। वह अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के दयानंद स्टेडियम परिसर में आयोजित खेल प्रतियोगिता व अन्य इवेन्ट के अवसर पर बोल रही थी।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वैदिक यज्ञ तथा मंत्रोचार के बीच प्रतियोगिता के इवेन्टों का उदघाटन, कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने प्रतिभागियों को खेल-शपथ दिलाकर आरम्भ किया। प्रो. लूथरा ने कहाकि गिरना-उठना खेल तथा खिलाडी की तपस्या का अंग है। गिरकर उठने वाला ही जीवन की कठिनाईयों पर विजयश्री प्राप्त कर सकता है। हार-जीत मे सबसे पहले हार ही जीत की सीढी बनती है, इसलिए खेल मे प्रतिभाग सर्वाधिक जरूरी है।
वित्ताधिकारी प्रो. वीके सिंह ने कहाकि महिला तथा मैजिक एक दूसरे का पर्याय है। जिनके परिश्रम के आगे समस्या तथा कठिनाई मैजिक है। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का पहला इवेन्ट छात्राओं की 100 मी. दौड से आरम्भ हुआ, जिसमें प्रथम स्थान शालिनी, दूसरा स्थान अंजलि तथा तीसरा स्थान चांदनी ने प्राप्त किया।
100 मीटर रिले मे शालिनी, प्रिया, स्वाति एवं अंजलि की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मी. दौड महिला वर्ग 50 से अधिक आयु वर्ग में शान्ता प्रथम, निशा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 100 मी. दौड महिला वर्ग 50 से कम आयु वर्ग में शिक्षा ने प्रथम, अल्पना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। धीमी साईकल रेस में धर्मेन्द्र बालियान प्रथम, सत्यदेव दूसरे तथा वीके सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वही छात्रा वर्ग में अनुष्का प्रथम, भूमि ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 100 मी. दौड़ शिक्षक वर्ग 50 से कम आयु वर्ग में रत्नेश शुक्ला प्रथम, प्रतीक अग्रवाल ने दूसरा तथा प्रवीण अग्रवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इवेन्ट का संचालन विभागीय शिक्षक डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, दुष्यन्त सिंह राणा ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला