Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-धामी सरकार पेश करेगी अपने दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट- विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष ने बनाई सरकार काे घेराबंदी की रणनीति
देहरादून, 8 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 9 मार्च से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण (भराड़ीसैंण) में शुरू होगा। सत्र में धामी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश हाेगा। साथ ही कई महत्वपूर्ण विधेयकों को भी सदन में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। विपक्ष ने सरकार को सदन से सड़क तक घेरने की रणनीति बनाई है, जिससे सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं।
विधानसभा की अधिसूचना के अनुसार सत्र 9 मार्च से प्रारंभ होकर 13 मार्च तक चल सकता है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें बीते वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा और आगामी वर्ष की विकास योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया जाएगा। पहले दिन ही बजट पेश किए जाने की तैयारी है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में होगा। सत्र के दौरान आठ से अधिक विधेयकों को पेश किये जा सकते हैं। विनियोग विधेयक पर विषयवार चर्चा भी प्रस्तावित है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने सत्ता पक्ष और विपक्ष से सत्र के सुचारु संचालन में सहयोग की अपील की है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार संख्या बल के आधार पर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि राज्यपाल के अभिभाषण पर पर्याप्त चर्चा के बाद ही बजट पेश किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने सत्र की अवधि, कानून व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।
उधर, सत्ता पक्ष का कहना है कि सरकार विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत करेगी तथा विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। रविवार शाम गैरसैण स्थित विधान भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भाजपा विधायकों की बैठक में सत्र की रणनीति पर चर्चा की गई।
सत्र को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं। अब नजर कार्यमंत्रणा समिति के निर्णय और सदन की कार्यवाही पर रहेगी कि सत्र कितनी अवधि तक प्रभावी ढंग से संचालित होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय