Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- जन भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान
लखनऊ, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को जन भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस, सेना, प्रशासन, शिक्षा, ग्राम प्रधान, कृषि उत्पादन संगठन, राजकीय बाल संरक्षण गृह, समाज सेवा व विविध उद्यमों से जुड़ी महिलाओं सहित सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 200 महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने-अपने उद्यम, तकनीक और नवाचारों को साझा किया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के व्यवसाय और नवाचार प्रारंभ करने वाली महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपने अनुभव प्रस्तुत किए।
राज्यपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की सराहना करते हुए उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनकी शक्ति और संकल्प देश की प्रगति का आधार है।
राज्यपाल कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला उद्यमियों, शिक्षाविदों और अधिकारियों को एक-दूसरे से जुड़कर कार्य करना चाहिए। विश्वविद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिलकर कार्य करें।
इस अवसर पर उन्होंने वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र जनपद की ग्रीन आर्मी की महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनके द्वारा पुराने कपड़ों को एकत्र कर उनकी सफाई, कटिंग एवं सिलाई कर नए वस्त्र एवं इनके द्वारा चप्पल भी तैयार किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं द्वारा निर्मित चप्पल प्रधानमंत्री को भी भेंट की गई थी। राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाओं के लिए जनपद स्तर पर वर्कशेड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाना चाहिए, जिससे उनके उद्यमों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
राज्यपाल ने राजकीय बालिका गृहों से आई महिलाओं एवं बच्चों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां बालिकाओं को शिक्षा, स्वच्छता, पाक-कला, सिलाई तथा अन्य कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी बालिका गृहों को समाज से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए ताकि इन बालिकाओं को बेहतर अवसर मिल सकें। महिलाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने विविध दायित्वों के साथ परिवार का भी कुशलतापूर्वक संचालन करती हैं। उन्होंने नई पीढ़ी में सकारात्मक सोच विकसित करने और परिवार में अच्छे संस्कारों का वातावरण बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधान महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान के रूप में वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें, गांवों में बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें तथा पंचायत को प्राप्त निधियों का समुचित उपयोग करते हुए समाज कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएं। कृषि उत्पादन संगठनों से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों की ब्रांडिंग की जाए, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए तथा उनके उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक