Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स.)। महिलाओं के सामने चुनौतियां अधिक होती हैं, लेकिन यदि वे दोगुनी ताकत से मेहनत करें तो हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। यह बात रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में “अस्मिता महिला एथलेटिक्स लीग” कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आईएएस हर्षिका सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि नए भारत में महिलाएं खेल, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं सहित हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने अंडर-18 वर्ग की 400 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की गईं। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए मनोरंजक सामूहिक खेल रस्साकशी भी आयोजित की गई, जिसमें विजेता टीमों को प्रमाण पत्र, टी-शर्ट और पदक देकर सम्मानित किया गया।
दौड़ प्रतियोगिताओं में अंडर-13 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ईशानवी यादव, जबकि 200 और 400 मीटर में इशिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-18 वर्ग में 100, 200 और 400 मीटर तीनों स्पर्धाओं में खुशी यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100 और 200 मीटर में रेशमी यादव तथा 400 मीटर में पूजा पटेल ने पहला स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह, माय भारत प्रयागराज की उपनिदेशक जागृति पांडेय और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने प्रमाण पत्र, टी-शर्ट और पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने महिलाओं में खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह को बढ़ाने का कार्य किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में “अस्मिता महिला एथलेटिक्स लीग” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। यह प्रतियोगिता युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की पहल ‘अस्मिता’ के अंतर्गत माय भारत प्रयागराज, भारतीय खेल प्राधिकरण तथा खेल विभाग उत्तर प्रदेश के संयुक्त समन्वय से खेलो इंडिया योजना के ‘स्पोर्ट्स फॉर विमेन’ घटक के तहत आयोजित की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्व चैंपियन एथलीट अक्षत कुमार ने खेलो इंडिया के समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उप क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद का भी विशेष सहयोग रहा। शिक्षा विभाग से क्रीड़ा सचिव बृजेश भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देवी प्रसाद और अमरेश दुबे ने किया। वहीं मेरा युवा भारत की टीम से राम अवध कुशवाहा, अमन, निर्मल, नितिन, वंशिका पाठक और उमा श्री उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल