इमामबाड़े में चोरी और तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में होली के दिन इमामबाड़े में चोरी और तोड़फोड़ की घटना में शामिल तीन वांछित आरोपितों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी के सामान की बिक्
इमामबाड़े में चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपित पुलिस अभिरक्षा में


जौनपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में होली के दिन इमामबाड़े में चोरी और तोड़फोड़ की घटना में शामिल तीन वांछित आरोपितों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जिले में अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक जयदीप अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इमामबाड़े में चोरी और तोड़फोड़ की घटना में शामिल कुछ युवक छोटी लाइन मस्जिद के पास एक रेस्टोरेंट के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कन्हैया बिंद (20) पुत्र पंचम बिंद, अमर बिंद उर्फ मंडोले (19) पुत्र पारस बिंद तथा दीपक बिंद उर्फ दीपू (24) पुत्र चंद्रशेखर बिंद निवासी मानेपुर, थाना लाइन बाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों की तलाशी के दौरान चोरी किए गए चांदी के जरीह को बेचने से प्राप्त 1850 रुपये नकद तथा दीपक बिंद के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस संबंध में शहर कोतवाली थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव