सिगरेट के पैसे मांगने पर ग्राहक ने दुकानदार की उंगली चबायी, पुलिस ने हिरासत में लिया
कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिल्हौर कस्बे में रविवार को सिगरेट के पैसे को लेकर हुए विवाद में ग्राहक ने दुकानदार की उंगली दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दि
आरोपित द्वारा दांतो से काटी गई दुकानदार की उंगली


कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिल्हौर कस्बे में रविवार को सिगरेट के पैसे को लेकर हुए विवाद में ग्राहक ने दुकानदार की उंगली दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना रविवार बिल्हौर कस्बे के गोल मार्केट के सामने की है। यहां नगरपालिका के सामने मुकेश कुमार की चाय और पान मसाला की दुकान है। पीड़ित ने बताया कि आज अंशु नाम का युवक दुकान पर आया और सिगरेट ली। सिगरेट देने के बाद जब दुकानदार ने उससे पैसे मांगे तो उसने पूरे पैसे देने से इंकार कर दिया, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

कुछ देर बाद युवक दोबारा दुकान पर पहुंचा और दोनों के बीच धक्कामुक्की होने लगी। आरोप है कि इसी बीच अंशु ने मुकेश कुमार के हाथ की उंगली दांत से काट ली, जिससे उनकी उंगली का नाखून अलग हो गया और उन्हें गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद दुकानदार का हाथ लहूलुहान हो गया।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए और आरोपी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। बिल्हौर एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप