Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 8 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आगामी बजट सत्र को लेकर विकासोन्मुख एवं कल्याणकारी बजट की उम्मीद जताई है। पार्टी ने सभी विधायकों से सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की अपेक्षा की।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने रविवार काे एक बयान कर कहा कि उत्साहजनक आर्थिक सर्वेक्षण से स्पष्ट है कि राज्य की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और इसी आधार पर सरकार प्रदेश को आगे ले जाने वाला बजट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि यह सत्र जन मुद्दों और समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का सुनहरा अवसर है, जिसका लाभ पक्ष और विपक्ष दोनों को लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में प्रारंभ हो रहा बजट सत्र विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल का यह अंतिम बजट है। उनके अनुसार यह बजट उत्तराखंड को विकसित राज्य की दिशा में आगे बढ़ाने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज साबित होगा।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि बीते वर्षों में जनसहयोग और सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकसित होते राज्यों की श्रेणी में शामिल हुआ है। ताजा आर्थिक सर्वेक्षण में प्रति व्यक्ति आय, सकल घरेलू उत्पाद, विकास दर, रोजगार सृजन, उद्योग अनुकूल वातावरण, सतत विकास सूचकांक और निर्यात व्यवस्था जैसे मानकों पर राज्य की प्रगति परिलक्षित होती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रस्तुत होने वाला बजट विकास को और गति देगा। सरकार विकास के साथ-साथ कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर कार्य कर रही है और आमजन के जीवन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष से सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले बजट पर विपक्ष के सुझावों का भी स्वागत है और सदन समाज एवं क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का सर्वोत्तम मंच है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय