Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विजय पर हार्दिक बधाई दी है। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 98 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
अपने बधाई संदेश में विजेंद्र गुप्ता ने विशेष रूप से भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व तथा मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों के रणनीतिक दृष्टिकोण और प्रेरणादायक नेतृत्व ने पूरे टूर्नामेंट में टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गुप्ता ने कहा कि भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन ने देश के करोड़ों नागरिकों के हृदय को गर्व और उल्लास से भर दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत टीम के दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रतीक है। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अद्भुत टीमवर्क और धैर्य का परिचय दिया, जिसका परिणाम फाइनल मैच में इस यादगार विजय के रूप में सामने आया। उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट भारतीयों के दिलों में विशेष स्थान रखता है और ऐसी ऐतिहासिक जीते पूरे देश में एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और टीम से जुड़े सभी लोगों के समर्पण और कठोर परिश्रम की प्रशंसा की, जिनके प्रयासों से भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह गौरव प्राप्त हुआ।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि देशभर, विशेषकर दिल्ली के युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने भारतीय टीम को भविष्य के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव