Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अहमदाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला आज (रविवार) शाम सात बजे से भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा है कि भारतीय टीम प्रबंधन को फाइनल के लिए अभिषेक शर्मा के चयन को लेकर 'कठिन' निर्णय लेना होगा।
कैप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि टीम प्रबंधन को अभिषेक शर्मा पर कड़ा फैसला लेना होगा। कुछ का कहना है कि उन्हें आज खेलना चाहिए, क्योंकि पिछली बार आउट ऑफ फॉर्म विराट कोहली ने भारत को फाइनल जिताया था, लेकिन कोहली तो आईसीसी इवेंट्स के किंग हैं। कुछ का कहना है कि उनकी जगह रिंकू सिंह को लेनी चाहिए, जो संजू सैमसन की तरह शानदार वापसी कर सकते हैं। दुविधा!!!
इस टूर्नामेंट में विश्व के नंबर एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने इस विश्व कप में सात पारियों में 89 रन बनाए हैं। इसमें जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक भी शामिल है।
भले ही उनकी फॉर्म पर सवाल उठे हैं, लेकिन टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा बनाए रखा। अगर उन्हें फाइनल में एक बार फिर मौका मिलता है, तो क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि वह बड़े मैच में कमाल करेंगे।
यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। गत विजेता भारतीय टीम तीसरी बार इस खिताब को जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। न्यूजीलैंड टीम पहली बार टी-20 विश्व कप जीतकर ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। दोनों टीमों के पास मैच विजेता खिलाड़ियों की कमी नहीं है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह