Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 08 मार्च (हि.स.)। जम्मू के पुर्खू गांव में बुधवार को शिवसेना हिंदुस्तान के कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के यूटी अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राजेश केसरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए गए कई महत्वपूर्ण वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले दिल्ली की तर्ज पर राहत देने का वादा किया गया था, जिसमें हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को सालाना 12 सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन को दोगुना करने की बात कही गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में राशन डिपो से प्रति व्यक्ति केवल 3.45 किलोग्राम अनाज दिया जा रहा है, जबकि पहले यह मात्रा 7.30 किलोग्राम थी। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी कम मात्रा में कोई परिवार पूरे महीने कैसे गुजारा कर सकता है। केसरी ने कहा कि जम्मू संभाग में आयोजित मोहल्ला बैठकों के दौरान कई परिवारों ने बताया कि वे वादों के पूरा होने की प्रतीक्षा में अपने भोजन तक कम करने को मजबूर हो गए हैं।
उन्होंने सरकार से एक सप्ताह के भीतर लिखित समयसीमा जारी करने की मांग की। साथ ही प्रति व्यक्ति 7.30 किलोग्राम राशन को बहाल करने, मुफ्त बिजली की पात्रता को अधिसूचित करने और एलपीजी सब्सिडी के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महीने के अंत तक लोगों को अनाज और नकद लाभ नहीं मिला, तो पार्टी एसडीएम कार्यालयों के बाहर धरना देगी और जम्मू बंद का आह्वान भी किया जा सकता है।
इस प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी ने घोषणा की कि इसी मुद्दे को लेकर आर.एस. पुरा, बिश्नाह और गाड़ीगढ़ क्षेत्रों में भी बैठकें और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे तथा प्रभावित परिवारों के बयान एकत्र कर उपराज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा