यमुनानगर:सरकारी चावल बकाया पर प्रशासन सख्त, यमुनानगर में दो राइस मिलें कब्जे में
यमुनानगर, 08 मार्च (हि.स.)। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बकाया चावल और उससे संबंधित राशि की वसूली के लिए यमुनानगर जिले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो राइस मिलों को अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई विभागीय अधिकारियों
विभाग के अधिकारियों से बात करते हुए मिल संचालक


यमुनानगर, 08 मार्च (हि.स.)। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बकाया चावल और उससे संबंधित राशि की वसूली के लिए यमुनानगर जिले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो राइस मिलों को अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई विभागीय अधिकारियों ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

विभागीय टीम जब रविवार काे जगाधरी क्षेत्र के गांव पोंटी स्थित न्यू राइस मिल और किसान राइस मिल पर पहुंची तो मिल परिसर और गोदाम के मुख्य द्वार बंद मिले। अधिकारियों ने मिल संचालक से ताले खोलने के लिए चाबियां उपलब्ध कराने को कहा, लेकिन चाबियां नहीं दी गईं। इसके बाद प्रशासनिक दल करीब दो घंटे तक मौके पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करता रहा। अंततः ताला खोलने के लिए चाबी बनाने वाले को बुलाया गया और उसके माध्यम से गेट खुलवाकर मिल परिसर का कब्जा प्रशासन ने अपने अधीन ले लिया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार राइस मिल संचालक जावेद खान को वर्ष 2025-26 के दौरान सरकारी एजेंसियों की ओर से मिलिंग के लिए धान आवंटित किया गया था। निर्धारित शर्तों के तहत धान से तैयार चावल सरकार के पास जमा कराया जाना था, लेकिन तय मात्रा में चावल जमा नहीं कराया गया। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक लगभग छह हजार क्विंटल चावल सरकार को नहीं लौटाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ 96 लाख रुपये आंकी गई है। विभाग की ओर से मिल संचालक को कई बार नोटिस जारी कर बकाया चावल अथवा उसकी राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए थे।

मामला न्यायालय में भी पहुंचा, लेकिन वहां से भी मिल संचालक को कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन ने राजस्व वसूली की प्रक्रिया के तहत दोनों मिलों की संपत्ति को कुर्क करते हुए कब्जा लेने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार संबंधित मिल संचालकों पर हैफेड का भी लगभग चार करोड़ रुपये का अतिरिक्त बकाया बताया जा रहा है। जिन मिल परिसरों पर कार्रवाई की गई, उनका कुल क्षेत्रफल करीब 14 कनाल 10 मरले है। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट रोहित सिरोगी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम तथा पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार