रंगपंचमी पर जीतू पटवारी के बंगले में होली मिलन, दिग्विजय-भूरिया ने गाए गीत, कार्यकर्ताओं ने उड़ाए रंग गुलाल
भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। रंगपंचमी के मौके पर रविवार को राजधानी भाेपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भोपाल स्थित आवास पर भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार ब
जीतू पटवारी के बंगले में होली मिलन


भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। रंगपंचमी के मौके पर रविवार को राजधानी भाेपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भोपाल स्थित आवास पर भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं और उत्साह के साथ पर्व मनाया।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष गोविंद गोयल, केशव देसाई, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रीना बाेरासी सहित कई नेता मौजूद रहे। होली मिलन समारोह के दौरान कांतिलाल भूरिया ने होली गीत गाया, जिस पर दिग्विजय सिंह, उमंग सिंगार और जीतू पटवारी समेत अन्य नेता भी सुर में सुर मिलाते नजर आए। वहीं कार्यकर्ताओं ने होली गीतों पर जमकर नृत्य किया। पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर भी गीतों की धुन पर थिरकते दिखाई दिए, जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने गुलाल उड़ाकर माहौल को और रंगीन बना दिया।

कार की छत पर चढ़कर बरसाए रंग

कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने अलग अंदाज में रंगपंचमी का उत्सव मनाया। वे कार की छत पर चढ़ गईं और प्रेशर पाइप से रंगों की बौछारें छोड़ने लगीं। रंगों की बारिश से बचने के लिए कार्यकर्ता इधर-उधर भागते नजर आए और पूरे परिसर में हंसी-मजाक और उत्साह का माहौल बन गया। इस मौके पर नेताओं ने रंगों के पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए सभी को रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे