Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या 7 में 14 फरवरी को हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित मृतका का भैसूर बताया जा रहा है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की रात पुलिस टीम ने बलुआ बाजार में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित राजेश मुखिया उम्र करीब 35 वर्ष है, जो मृतका कौशल्या देवी का भैसूर है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की गई है तथा उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि 14 फरवरी की रात रामविशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 7 में कौशल्या देवी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। मृतका के परिजन ने आरोप लगाया था कि कौशल्या देवी की फंदे से लटकाकर हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र