Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नोएडा, 08 मार्च (हि.स.)। थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 29 में रहने वाले एक मर्चेंट नेवी से रिटायर्ड अधिकारी की घर के बाथरूम में नहाने के लिए बनाई गई पानी की हौदी में डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने रविवार काे बताया कि नीरज पुत्र रघुवीर सिंह उम्र 44 वर्ष सेक्टर 29 के फ्लैट नंबर 1429 में रहते थे। वह मर्चेंट नेवी से रिटायर्ड थे, तथा मौजूदा समय में किसी बड़ी कंपनी में कार्य कर रहे थे। उन्होंने अपने घर के बाथरूम में नहाने के लिए पानी की एक बड़ी और गहरी हौदी बनावाई थी। अपने घर पर वह बीती रात को नहा रहे थे। उसी दौरान पानी की हौदी में वह डूब गए तथा उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक लखन सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि वह पूर्व में मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे, तथा वहां से रिटायरमेंट होने के बाद वह किसी बड़ी कंपनी में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह शराब के नशे में नहाने के लिए हौदी में गए, तथा डूब गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी