Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 08 मार्च (हि.स.)। उचाना खंड के गांव बडौदा के निकट रंजिश के चलते कुछ युवकों ने बाइक सवार युवक पर फायर। इसमें युवक छर्रे लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बडौदा निवासी जगदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात वह स्कूटी का चार्जर लेने ओवरब्रिज के पास दुकान पर बाइक लेकर गया हुआ था। जब वह दुकान से निकल कर बाइक से घर की तरफ जा रहा था तो उसी दौरान कार सवार युवक आए और चेहरा ढांपे एक युवक ने उस पर फायर कर दिया। निशाना चूक जाने के कारण छर्रे कंधे तथा बाजू में जा लगे। जिस पर बाइक छोड़ कर शोर मचाता हुआ गांव की तरफ दौड़ा। घटना को अंजाम देकर आरोपित कार से फरार हो गए। परिजनों ने उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल उचाना पहुंचाया। घायल जगदीप ने आरोप लगाया कि गांव के सचिन ने अपने साथियों के साथ मिल कर हमला किया है। रविवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना के जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि पुलिस ने जगदीप की शिकायत पर गांव बडौदा निवासी सचिन, गांव छात्तर निवासी गोलू, गांव पालवां निवासी एनपी गांव खरकबूरा निवासी राहुल के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा