जबलपुरः रविवारीय आराधना के दौरान चर्च में हंगामा, निलंबित प्राचार्य के खिलाफ शिकायत
जबलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्राइस्टचर्च गर्ल्स स्कूल परिसर स्थित चर्च में रविवार सुबह रविवारीय आराधना के दौरान हंगामा हो गया। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित महिला सम्मान कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न होने से आक्रोशित ईसाई समा
रविवारीय आराधना के दौरान चर्च में हंगामा, निलंबित प्राचार्य के खिलाफ शिकायत


जबलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्राइस्टचर्च गर्ल्स स्कूल परिसर स्थित चर्च में रविवार सुबह रविवारीय आराधना के दौरान हंगामा हो गया। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित महिला सम्मान कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न होने से आक्रोशित ईसाई समाज के लोग ओमती थाना पहुंचे और हंगामा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

ओमती पुलिस के अनुसार, चर्च के पदाधिकारियों ने शिकायत में बताया है कि रविवार सुबह चर्च में आराधना चल रही थी। इसी दौरान क्राइस्टचर्च बॉय स्कूल से निष्कासित किए गए निलंबित प्राचार्य लेडली मैथ्यूज वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पवित्र स्थल पर पहुंचकर माइक छीन लिया और बेवजह बोलने लगे, जिससे कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न हो गई।

चर्च के सदस्यों द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कथित रूप से धमकी दी और धक्का-मुक्की करने लगे। बताया गया है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चर्च में महिलाओं के सम्मान का विशेष कार्यक्रम रखा गया था, जिसे भी बाधित कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया।

घटना से नाराज ईसाई समाज और चर्च के पदाधिकारी ओमती थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक