पलवल : फर्जी फेसबुक आईडी से खिलौने बेचने के नाम पर ठगी, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
पलवल, 08 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर खिलौना कार बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन पैसे ठगते थे। पकड़े गए आरोपियों में एक नाब
आरोपी पुलिस की गिरफ्त में


पलवल, 08 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर खिलौना कार बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन पैसे ठगते थे। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने रविवार को बताया कि पीएसआई विकास अपनी टीम के साथ हथीन रोड स्थित केएमपी पुल के नीचे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आलीमेव गांव निवासी रौनक और नूंह जिले के सिंगार गांव का एक नाबालिग ऑनलाइन ठगी में शामिल हैं और केएमपी पुल के पास खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान रौनक के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और नाबालिग आरोपी के पास से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल फोन की जांच में खिलौना कार बेचने से संबंधित तस्वीरें, क्यूआर कोड और संदिग्ध चैट मिलीं। तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि दोनों मोबाइल नंबर फर्जी सिम कार्ड पर पंजीकृत थे।

एनसीआरपी पोर्टल पर जांच करने पर इन नंबरों के खिलाफ ऑनलाइन ठगी की कई शिकायतें दर्ज पाई गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी पीएसआई संदीप ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और जिले में हुई अन्य ठगी की वारदातों का खुलासा किया जा सके। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर खिलौने बेचने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग